Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label अमिताभ बच्चन. Show all posts
Showing posts with label अमिताभ बच्चन. Show all posts

Friday, September 9, 2011

पहला ऑर्डर कॅंसल

फ़िल्म : शोले
किस सन में रिलीज़ हुई : 1975
किसने कहा : जयदेव (अमिताभ बच्चन) 
किससे कहा : जेलर (असरानी)
सम्वाद लेखक : सलीम जावेद 

इस फ़िल्म के बहुत से सम्वाद प्रचलित हैं और लोकप्रिय हैं. पर ये सम्वाद कम याद किया जाता है. हालांकि ये सम्वाद है बहुत सशक्त. काम काजी ज़िन्दगी में अक्सर ऐसे बॉस लोगों से पाला पडता है जो घडी घडी अपना फ़ैसला बदलते रहते हैं. उन सब को ये जुमला समर्पित है. 

जय और वीरू जेल से भागने का प्लान बनाते हैं. वो एक लकडी के टुकडे को पिस्तौल बता कर, जेलर को बन्धक बना लेते हैं. बन्धक बनाते ही वीरू जेलर को अपनी जगह से ना हिलने की सख़्त हिदायत देता है. फिर  बाक़ी सिपाहियों की बन्दूकें फिंकवा देने के बाद, वीरू जेलर को अपने साथ जेल के मुख्य द्वार तक चलने के लिए कहता है. 

जेलर ज़रा लक़ीर का फ़क़ीर क़िस्म का जेलर है. अंग्रेज़ों के ज़माने का जो है. तो वो आपत्ति ज़ाहिर करता है. कहता है कि आप ही ने तो हिलने से मना किया था. सख़्त हिदायत दी थी. परेशान जय अपने चिर परिचित अन्दाज़ में ये जुमला कहते हैं. 

"पहला ऑर्डर कॅंसल"

तब जाकर जेलर को तसल्ली होती है और वो दोनों क़ैदियों को बाहर तक छोड कर आता है. 

Sunday, July 31, 2011

नया खेल, नई ताश

फ़िल्म : हेरा फेरी
किस सन में रिलीज़ हुई : 1976
किसने कहा : विजय (अमिताभ बच्चन)
किससे कहा : ताश खेलने वाला (असरानी)
सम्वाद लेखक : सतीश भटनागर

विजय और उसका दोस्त अजय (विनोद खन्ना) लोगों को उल्लू बना कर अपना उल्लू सीधा करते थे. ऐसी ही एक कोशिश के चलते, विजय एक जुए के अड्डे में जाकर, ऐसी टेब्ल पर बैठ जाता है जिसे 'नो लिमिट्स' क़रार दिया गया है. यानी बेशुमार पैसा कमा भी सकते हो और गंवा भी. 

असरानी जो उस जगह अक्सर आते हैं, उनका स्वागत करते हैं और कहते हैं,
"पार्टनर, क्या ख़्याल है - नये मेहमान के साथ नया खेल? नो लिमिट्स? कट फ़ॉर डील..."
जैसे ही वो ताश की गड्डी आगे बढाता है, विजय अपने चिर परिचित अमिताभिया अन्दाज़ में कहते हैं,
"नो - नया खेल नई ताश"

यानी काम नया है तो औज़ार भी नये होने चाहिये. मेरा एक दोस्त का हाल ही में उसी कम्पनी के किसी और विभाग में तबादला हो गया था. तो वो तुरंत जाकर कुछ नये कपडे ख़रीद लाया था. इतने सारे नए कपडों को देख कर मैंने उससे यही पूछा था 

नया खेल, नई ताश?



Friday, August 29, 2008

कुछ लोग वैसे भी तो होते हैं, जो कहीं के नहीं होते

फ़िल्म: काला पत्थर
किस सन में रिलीज़ हुई : 1979
किसने कहा : विजय पाल सिंह (अमिताभ बच्चन)
किससे कहा : डॉ सुधा सेन (राखी गुलज़ार)
सम्वाद लेखक : सलीम-जावेद


विजय के घावों पर मरहम लगाते वक़्त, डॉ सुधा उससे पूछती है कि वो कब से इस खान में है. हिन्दुस्तान मे अक्सर अजनबियों से बस यूंही बात करते वक़्त भी लोग उनकी पैदाइश या ज़ात पात का पता लगाने की कोशिश करते है. अब हालत ये है कि ये सवाल बातचीत को जारी रखने के लिए ज़रूरी लगने लग गये है. डॉ सुधा भी ऐसी ही कुछ कोशिश करती है जब वो विजय से पूछती है - तुम वैसे कहां के हो?

अब विजय बाबू वैसे भी सीधे सवाल का सीधा जवाब देने के आदी नही हैं. सिर्फ़ काला पत्थर मे ही नहीं, बाक़ी फ़िल्मों में भी. उन्हे तर्क कुतर्क करने की आदत है. आपको याद ही होगा जब उनका भाई उनसे साइन करने के लिए कहता है, तो वो कहते हैं कि जाओ पहले उस आदमी का साइन लेके आओ जिसने मेरी मां को गाली देके नौकरी से निकाल दिया था वग़ैरह वग़ैरह. अब उस वक़्त गूग्ल पीप्ल सर्च भी नहीं था. बेचारा रवि करता भी तो क्या. ग़ुस्से में घर छोड के चला गया. ख़ैर इस सम्वाद पर लौटते हैं. अब ये मौक़ा भी विजय साहब हाथ से कहां जाने देने वाले थे. लोहा गर्म था, मार दिया हथौडा. जानते हैं इस सीधे से सवाल का उन्होंनें क्या जवाब दिया. 

"बचा सवाल कि मैं कहां का हूं, तो कुछ लोग वैसे भी तो होते हैं, जो कहीं के नहीं होते"

Saturday, August 9, 2008

अपुन तुम को सिरिफ दो मारा पन सॉलिड मारा

फ़िल्म : अमर अकबर ऍंटनी
किस सन में रिलीज़ हुयी : 1977
किसने कहा : ऍंटनी (अमिताभ बच्चन )
किससे कहा : अमर (विनोद खन्ना)
सम्वाद लेखक : कादर ख़ान

इंसपेक्टर अमर ने ऍंटनी के इलाके में जाकर उसकी जम कर धुनाई की और उसे थाने में बंद कर दिया। जिस्मानी चोट तो लगी थी ऍंटनी को, मगर उसका आत्म विश्वास भी चकनाचूर हो गया था। अब वो अपने आत्म विश्वास को कैसे टटोल रहे हैं - बेहद दिलचस्प जुमला है। वो अमर से कहते हैं -

"तुम अपुन को दस दस मारा। अपुन तुम को सिरिफ़ दो मारा...पन सॉलिड मारा कि नहीं ...हैं? है कि नहीं? अरे हां बोल ना"

अमर खीझ कर कहता है -

"शट अप विल यू. तुम्हारी यहां बक बक नहीं चलेगी"

वैसे कभी कभी किसी लड़ाई में जीतता कोई है और पब्लिक की तालियाँ कोई और ले जाता है - वो जिसने शायद सिर्फ़ दो मुक्के मारे हों - पर सॉलिड मारे हों।

अब ओलिम्पिक के दौरान यही सोच कर दिल को ढांढस देना होगा, कि अगर भारत सिरिफ़ दो मारे तो कम अज़ कम सॉलिड तो मारे.

Friday, August 8, 2008

सारे अंडे अभी लेंगे या

फ़िल्म : दीवार
किस सन में रिलीज़ हुई : 1975
किसने कहा : विजय वर्मा (अमिताभ बच्चन)
किससे कहा : सामंत (मदन पुरी)
सम्वाद लेखक : सलीम जावेद

विजय वर्मा दावर के गिरोह में शामिल हो जाता है। दावर अपने एक विरोधी तस्कर सामंत से बेहद परेशान हैं। सामंत एक बेहद तेज़ तर्रार तस्कर है जो दावर के माल को चंपत कर जाता था। यानी भंवरे ने खिलाया फूल फूल को ले गया राज कुंवर।


विजय, सामंत की इसी ताक़त को उसकी कमज़ोरी बनाना चाहता है। वो जानता है कि सामंत खुफिया ख़बर का मुरीद है। विजय सामंत को सोने की एक बड़ी डेलिवरी की सूचना देता है। सामंत परवाने की तरह खींचा चला आता है। गोया उसे विजय की असलियत पर शक ज़रूर होता है। इसलिए वो विजय को अपने पास बंधक रख लेता है, जब तक उसके गुर्गे माल सकुशल उसके गोदाम में पहुंचा नही देते। माल जब पहुँच जाता है तो विजय अपने पाँच लाख रुपये मांगता है। जवाब में सामंत दराज़ से पिस्तौल निकालता है और कहता है - कि अगर वो उसे मार दे तो वो क्या करेगा। विजय अपना संतुलन खोये बगैर - एक पुरानी ईसप की कहानी सुनाते हें।
--
कहानी एक किसान की, जिसके पास एक मुर्गी थी। वो मुर्गी रोज़ एक सोने का अंडा देती थी। एक दिन लोभवश किसान उस सोने के अंडे देने वाली मुर्गी का पेट चीर देता है - इस उम्मीद में की उसे सारे अंडे एक साथ मिल जायेंगे। मगर न वो मुर्गी रहती है ना वो रोजाना का एक अंडा। किसान बहुत पछताता है। इस कहानी का सार विजय बहुत खूबसूरती से एक ही जुमले में यूँ पेश करते है -
_
सारे अंडे अभी लेंगे या ?