Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label गुलज़ार. Show all posts
Showing posts with label गुलज़ार. Show all posts

Monday, August 1, 2011

जब तुम अच्छा कहती हो तो बहुत ही अच्छा लगता है

फ़िल्म : आन्धी
किस सन में रिलीज़ हुई : 1975
किसने कहा : जे के (संजीव कुमार)
किससे कहा : आरती देवी (सुचित्रा सेन)
सम्वाद लेखक : गुलज़ार

इस फ़िल्म में आरती (जो एक पॉलिटिशन है) और जे के (जो  एक होटेल मालिक हैं) के रिशते को दर्शाया गया है. इस सीन में, जे के आरती को फ़ोन पर कविता सुना रहे हैं. कविता सुनाने के बाद, वो आरती से पूछते हैं

"अच्छी है ना?"

जवाब में आरती कहती हैं - "बहुत अच्छी है"

फिर जेके कहते हैं

"पता है...जब तुम अच्छा कहती हो...बहुत ही अच्छा लगता है" 

कितनी सही बात कही है ना. हम सब की ज़िन्दगी में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिनसे तारीफ़ पाना ज़्यादा मायने रखता है. और जब वो लोग अच्छा कहते हैं...तो बहुत ही अच्छा लगता है. 

Saturday, July 30, 2011

मुंह मेरा धुलवाया और रिक्शा उसका ले गए

फ़िल्म : अंगूर
किस सन में रिलीज़ हुई : 1982
किसने कहा :  नामालूम (रिक्शा चालक)
किससे कहा : ख़ुद से या शायद अशोक (संजीव कुमार) से
सम्वाद लेखक : गुलज़ार

ये भी मेरी पसन्दीदा फ़िल्मों में से एक है. हालांकि ये तीन सदी पहले लिखी 'अ कॉमडी अव एरर्स' पर आधारित है और इससे पहले भी इस विषय पर हिन्दुस्तान में फ़िल्में बन चुकी हैं - मसलन बांगला भाषा की उत्तम कुमार अभिनीत भ्रांति बिलास या फिर किशोर कुमार अभिनीत हिन्दी फ़िल्म, दो दूनी चार - पर जो बात इसमें है, वो औरों में नहीं. गुलज़ार और संजीव कुमार की जोडी कमाल की थी, और सच कहूं तो संजीव कुमार के गुज़र जाने के बाद गुलज़ार भी अपाहिज से हो गये हैं. कोशिश तो बहुत की है उन्होंने, पर वो बात नहीं रही. ख़ैर वो क़िस्सा फिर कभी. 

सिचुएशन कुछ ऐसी है कि सारी उलझन इस बात को लेकर है कि दो दो अशोक एक ही शहर में हैं, पर दोनों (और शहर के बाक़ी लोग) इस बात से अंजान हैं. एक भाई शादी शुदा है और एक कुंवारा. तो कुंवारा अशोक एक दिन सुबह सुबह ऑटो पकडने के लिए ऑटो रिक्शा स्टॅंड जा पहुंचता है. वहां खडे पहले ऑटो वाले से पूछता है कि क्या वो होटेल इम्पीरियल चलेगा. ऑटो वाला राज़ी हो जाता है. बस इतना अर्ज़ करता है कि चूंकि वो अभी अभी उठा है तो ज़रा हाथ मुंह धोना चाहता है. अशोक मान जाता है. रिक्शा वाले के लौटने का इंतिज़ार करते वक़्त, सुनार के यहां से मंसूर मियां आकर उन्हें एक हार थमा देते हैं. मंसूर मिया उन्हें शादी शुदा अशोक समझ बैठे थे. अब ये सज्जन बहुत मना करते हैं, पर मंसूर ज़बरदस्ती उनके हाथ में थमा के भाग जाते हैं. इसी उधेडबुन में अशोक,  सामने से आते एक रिक्शा में बैठकर चले जाते हैं. तभी पहले वाला ऑटो चालक दौडा दौडा आता है. देखता है कि सवारी तो चली गई. वो कहता है

"मुंह मेरा धुलवाया और रिक्शा उसका ले गए"

यानी सारी मेहनत तो मुझसे करवाई और जब सवाब पाने का वक़्त आया तो किसी और को ही दे दिया. अक्सर अपनी बेचू ज़िन्दगी में कुछ ग्राहक मुझसे सारी बातें तफ़्सील से जान लेते थे (मैं काफ़ी अच्छी तरह समझाता था). पर ख़रीदने की बारी आती तो उस बेचू को बुलाते जो ज़्यादा डिस्काउंट देता हो. और ये जुमला अक्सर मेरे ज़ेहन में आता था. 

Sunday, July 17, 2011

कौन कमबख़्त कहता है, कि हिटलर मर गया

फ़िल्म : गोलमाल
किस सन में रिलीज़ हुई :  1979
किसने कहा : राम प्रसाद (अमोल पालेकर)
किससे कहा : डॉक्टर मामा (डेविड)
सम्वाद लेखक : गुलज़ार

इस फ़िल्म की कहानी कौन नहीं जानता. अपने उसूलों पर जुनून की हद तक क़ायम रहने वाले दोस्त के गुनों का बखान करते हैं डॉक्टर साहब. ताकि उनका भांजा उनके दोस्त की कम्पनी में होने वाले इंटरव्यू के लिए तैयार हो सके. मसलन, कपडे कैसे पहनने हैं, बाते कैसे करनी हैं, क्या कहना है, क्या नहीं कहना है वग़ैरह वग़ैरह. ये सब सुन कर राम को यक़ीन हो जाता है कि जिस मुलाज़िम की तलाश में भवानी शंकर (यानी अपने उसूलों पर अडने वाले दोस्त) हैं, वो मुलाज़िम वो तो हरगिज़ नहीं है. पर जाते जाते डॉक्टर मामा एक और आघात कर जाते हैं, जिससे राम के सब्र का बान्ध टूट जाता है. वो कहते हैं, 

"सर पर तेल भी अच्छी तरह से चुपड लेना"

बस राम से रहा नहीं जाता, बडे गम्भीर लहजे में कॅमरे की तरफ़ देखता है, और कहता है,

"कौन कम्बख़्त कह्ता है, कि हिटलर मर गया"

Thursday, July 14, 2011

पैसे मांगे तो पासबुक दिखा दी

फ़िल्म : घरौन्दा
किस सन में रिलीज़ हुई - 1977 
किसने कहा : सुदीप (अमोल पालेकर)
किससे कहा : गुहा (साधु मेहर)
सम्वाद लेखक : गुल्ज़ार

शंकर शेष की पुरस्कृत कहानी पर बनी इस फ़िल्म का विषय था आशियाना बनाना. उस ज़माने मे जब एच डी एफ़ सी भी शुरु नही हुई थी, एक आम मध्यम वर्गीय परिवार के लिए घर का ख़्वाब देखना भी दूभर था. इस परिदृश्य मे एक नौजवान जोडा भी ये ख़्वाब देखने की ग़लती कर बैठता है. आगे क्या होता है. ये ख़्वाब उन्हे कितना महंगा पडता है - यही दर्शाती है ये फ़िल्म. 

अगर इस सम्वाद की बात करे, तो सिचुएशन कुछ यू है, कि हमारा नायक सुदीप हमेशा पैसे जुटाने की धुन मे रहता है. अपने घरौन्दे के ख़्वाब को सच करने के लिए. इसी सिलसिले मे वो अपने चाल के साथी अब्दुल (जलाल आग़ा) से पैसे मांगता है. पर वहां उसकी दाल नहीं गलती. 

बाद मे जब गुहा उससे कहता है कि वो क्यों लोन लेने के चक्करों मे पडा रहता है. अपने दोस्तों से क्यों नहीं मांग  लेता, तो जवाब मे अपने दोस्तो पे कटाक्ष करते हुए सुदीप कहता है - 

"साले से पैसे मांगे तो पास बुक दिखा दी"

अख़लाक़न हम लोगो से बात करते हुए हालचाल पूछते है, और जवाब मे कह देते है कि सब कुछ ठीक ठाक है. पर अगर कभी हम किसी को अपना दुखडा सुना भी दें, तो मुमकिन है अख़लाक़ का वो बारीक नक़ाब तार तार हो जाये, और असली चेहरा नज़र आ जाये. या जैसे सुदीप साहब फ़र्मा गये.

"पैसे मांगे तो पासबुक दिखा दी "

Sunday, August 24, 2008

हम आने वाले ग़म को खींचतान के आज की ख़ुशी पर ले आते हैं

फ़िल्म : आनन्द
किस सन मे रिलीज़ हुयी : 1971
किसने कहा : आनन्द सहगल (राजेश ख़न्ना)
किससे कहा : डॉ भास्कर बॅनर्जी (अमिताभ बच्चन)
सम्वाद लेखक : गुलज़ार

इस चिट्ठे पर मैं उमूमन लम्बी लाइनें नहीं लिखता। पर इस लाइन का ख़याल इतना सुसंगत है की इस्तेमाल करने पर विवश हो गया। अगर मुझे ठीक से याद है, तो ऋषिदा के एक पत्रकार मित्र, ऐसा कहा करते थे। उसी से मुतासिर होकर ऋषिदा ने इसे अपनी फ़िल्म में भी जगह दी।
आनंद अब मौत की कगार पर पहुँच गया है और भास्कर इस वजह से चिडचिडा हो चला है। यूँ ही एक दिन आनंद आदतन हंसी ठट्ठा कर रहा था और डॉ को भी संजीदगी के माहौल से बाहर लाने की कोशिश कर रहा था। मगर भास्कर खीझ उठता है और आनंद पर चिल्ला पड़ता है। आनंद का सब्र भी जवाब दे देता है। वो फैसला कर लेता है की वो दिल्ली वापस चला जायेगा। वो कहता है की वो ऐसा अभागा है जो रोज़ अपनी मौत अपने दोस्तों की आंखों में देखता है। जब भास्कर आनंद की बात सुनता है तो वो भी फैसला कर लेता है की बजाय आनंद की मौत के बारे में सोच के परेशान हो, वो उसके रहने तक उसके जीने का जश्न मनायेगा। जैसा की आनंद ख़ुद कहता है
"जब तक ज़िंदा हूँ मरा नहीं और जब मर गया तो साला मैं ही नहीं, तो डर किस बात का "
किसी मशहूर शायर की पंक्तियाँ याद हो आती हैं
फैसला होने से पहले मैं भला क्यों हार मानूं जग अभी जीता नहीं है मैं अभी हारा नही हूँ
जब आनंद डॉक्टर का ये फ़ैसला सुनता है तो बेहद खुश होता है और कहता है
"हमारी मुश्किल मालूम है क्या है ...हम आने वाले ग़म को खींचतान के आज की खुशी पर ले आते हैं। "
मेरा एक दोस्त बिल्कुल ऐसा ही करता है । जब उसकी ज़िन्दगी में सब कुछ ठीक होता है तो उसको ऐसा लगता है की कुछ भारी विपदा आने वाली है। गुलज़ार साहब ने भी क्या खूब लिखा है
मुसुकुरायें तो मुस्कुराने के क़र्ज़ उतारने होंगे