Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label नामालूम. Show all posts
Showing posts with label नामालूम. Show all posts

Tuesday, September 13, 2011

वर्ना क्या

फ़िल्म : पति पत्नी और वो
किस सन में रिलीज़ हुई : 1978
किसने कहा : शारदा (विद्या सिन्हा)
किससे कहा : रंजीत चड्डा (संजीव कुमार)
सम्वाद लेखक : नामालूम

बी आर चोपड़ा साहब की निर्देशित फ़िल्मों में ये इक्लौती कॉमेडी थी. इस फ़िल्म के लिए कमलेश्वर को बेहतरीन पटकथा लेखन का फ़िल्मफ़ेअर पुरस्कार मिला था. कहानी विवाहेतर सम्बन्धों पर एक मज़ाहिया टिप्पणी है. बहरहाल, फ़िल्म शुरु होते ही रंजीत और शारदा के बीच फ़टाफ़ट प्रेम होता है और वो पहले दस मिनट में ही शादी कर लेते हैं. आम हिन्दी फ़िल्मों में ये सब करने में तीन घंटे लग जाते हैं. ख़ैर शादी की रात रंजीत के दोस्त उसको हिदायत देते हैं कि शादी की पहली रात जो 'बिल्ली मार जाता है' उसका पलडा हमेशा भारी रहता है. इसी हिदायत के चलते, सुहाग रात ख़त्म होते ही रंजीत सोचता है कि रात को तो बिल्ली मारी नहीं. चलो सुबह ही मार लेते हैं. वो अपनी बीवी शारदा पर रौब जमाने लगते हैं. कुछ यूं -

"मुझे सुबह गरमा गरम चाय चाहिये. वर्ना..."

शारदा पूछने ही लगती है

"वर्ना क्या?"

कि रंजीत ज़ोर से चिल्ला के "वर्ना" इस तरह से दोहराते हैं, कि शारदा डर के उनका हुकुम बजाने के लिए चली जाती हैं. ये सिलसिला चलता रहता है. एक बार किसी दौरे पे जाने से पहले, रंजीत यही पैंतरा इस्तेमाल करते हैं और बीवी से कहते हैं कि उन्हें सुबह नहाने के लिए गरम पानी मिल जाना चाहिये. आदतन 'वर्ना' लफ़्ज़ जोड देते हैं.

पर अब तक उनके इस रवैये की इंतेहा हो चुकी होती है, और झुंझला के शारदा कुछ इस तरह पूछती है

"वर्ना क्या?"

कि भीगी बिल्ली बन कर रंजीत कहते हैं

"नहीं तो मैं ठंडे पानी से ही नहा लूंगा."

तो अगर आपकी ज़िन्दगी में भी कोई धौंस दिखा रहा हो, और आप भी चट गए हों, तो उनकी धौंस की हवा निकालिए. पूछिये - वर्ना क्या?

Saturday, July 30, 2011

मुंह मेरा धुलवाया और रिक्शा उसका ले गए

फ़िल्म : अंगूर
किस सन में रिलीज़ हुई : 1982
किसने कहा :  नामालूम (रिक्शा चालक)
किससे कहा : ख़ुद से या शायद अशोक (संजीव कुमार) से
सम्वाद लेखक : गुलज़ार

ये भी मेरी पसन्दीदा फ़िल्मों में से एक है. हालांकि ये तीन सदी पहले लिखी 'अ कॉमडी अव एरर्स' पर आधारित है और इससे पहले भी इस विषय पर हिन्दुस्तान में फ़िल्में बन चुकी हैं - मसलन बांगला भाषा की उत्तम कुमार अभिनीत भ्रांति बिलास या फिर किशोर कुमार अभिनीत हिन्दी फ़िल्म, दो दूनी चार - पर जो बात इसमें है, वो औरों में नहीं. गुलज़ार और संजीव कुमार की जोडी कमाल की थी, और सच कहूं तो संजीव कुमार के गुज़र जाने के बाद गुलज़ार भी अपाहिज से हो गये हैं. कोशिश तो बहुत की है उन्होंने, पर वो बात नहीं रही. ख़ैर वो क़िस्सा फिर कभी. 

सिचुएशन कुछ ऐसी है कि सारी उलझन इस बात को लेकर है कि दो दो अशोक एक ही शहर में हैं, पर दोनों (और शहर के बाक़ी लोग) इस बात से अंजान हैं. एक भाई शादी शुदा है और एक कुंवारा. तो कुंवारा अशोक एक दिन सुबह सुबह ऑटो पकडने के लिए ऑटो रिक्शा स्टॅंड जा पहुंचता है. वहां खडे पहले ऑटो वाले से पूछता है कि क्या वो होटेल इम्पीरियल चलेगा. ऑटो वाला राज़ी हो जाता है. बस इतना अर्ज़ करता है कि चूंकि वो अभी अभी उठा है तो ज़रा हाथ मुंह धोना चाहता है. अशोक मान जाता है. रिक्शा वाले के लौटने का इंतिज़ार करते वक़्त, सुनार के यहां से मंसूर मियां आकर उन्हें एक हार थमा देते हैं. मंसूर मिया उन्हें शादी शुदा अशोक समझ बैठे थे. अब ये सज्जन बहुत मना करते हैं, पर मंसूर ज़बरदस्ती उनके हाथ में थमा के भाग जाते हैं. इसी उधेडबुन में अशोक,  सामने से आते एक रिक्शा में बैठकर चले जाते हैं. तभी पहले वाला ऑटो चालक दौडा दौडा आता है. देखता है कि सवारी तो चली गई. वो कहता है

"मुंह मेरा धुलवाया और रिक्शा उसका ले गए"

यानी सारी मेहनत तो मुझसे करवाई और जब सवाब पाने का वक़्त आया तो किसी और को ही दे दिया. अक्सर अपनी बेचू ज़िन्दगी में कुछ ग्राहक मुझसे सारी बातें तफ़्सील से जान लेते थे (मैं काफ़ी अच्छी तरह समझाता था). पर ख़रीदने की बारी आती तो उस बेचू को बुलाते जो ज़्यादा डिस्काउंट देता हो. और ये जुमला अक्सर मेरे ज़ेहन में आता था.