Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label 1978. Show all posts
Showing posts with label 1978. Show all posts

Tuesday, September 13, 2011

वर्ना क्या

फ़िल्म : पति पत्नी और वो
किस सन में रिलीज़ हुई : 1978
किसने कहा : शारदा (विद्या सिन्हा)
किससे कहा : रंजीत चड्डा (संजीव कुमार)
सम्वाद लेखक : नामालूम

बी आर चोपड़ा साहब की निर्देशित फ़िल्मों में ये इक्लौती कॉमेडी थी. इस फ़िल्म के लिए कमलेश्वर को बेहतरीन पटकथा लेखन का फ़िल्मफ़ेअर पुरस्कार मिला था. कहानी विवाहेतर सम्बन्धों पर एक मज़ाहिया टिप्पणी है. बहरहाल, फ़िल्म शुरु होते ही रंजीत और शारदा के बीच फ़टाफ़ट प्रेम होता है और वो पहले दस मिनट में ही शादी कर लेते हैं. आम हिन्दी फ़िल्मों में ये सब करने में तीन घंटे लग जाते हैं. ख़ैर शादी की रात रंजीत के दोस्त उसको हिदायत देते हैं कि शादी की पहली रात जो 'बिल्ली मार जाता है' उसका पलडा हमेशा भारी रहता है. इसी हिदायत के चलते, सुहाग रात ख़त्म होते ही रंजीत सोचता है कि रात को तो बिल्ली मारी नहीं. चलो सुबह ही मार लेते हैं. वो अपनी बीवी शारदा पर रौब जमाने लगते हैं. कुछ यूं -

"मुझे सुबह गरमा गरम चाय चाहिये. वर्ना..."

शारदा पूछने ही लगती है

"वर्ना क्या?"

कि रंजीत ज़ोर से चिल्ला के "वर्ना" इस तरह से दोहराते हैं, कि शारदा डर के उनका हुकुम बजाने के लिए चली जाती हैं. ये सिलसिला चलता रहता है. एक बार किसी दौरे पे जाने से पहले, रंजीत यही पैंतरा इस्तेमाल करते हैं और बीवी से कहते हैं कि उन्हें सुबह नहाने के लिए गरम पानी मिल जाना चाहिये. आदतन 'वर्ना' लफ़्ज़ जोड देते हैं.

पर अब तक उनके इस रवैये की इंतेहा हो चुकी होती है, और झुंझला के शारदा कुछ इस तरह पूछती है

"वर्ना क्या?"

कि भीगी बिल्ली बन कर रंजीत कहते हैं

"नहीं तो मैं ठंडे पानी से ही नहा लूंगा."

तो अगर आपकी ज़िन्दगी में भी कोई धौंस दिखा रहा हो, और आप भी चट गए हों, तो उनकी धौंस की हवा निकालिए. पूछिये - वर्ना क्या?

Tuesday, July 26, 2011

आज कल मैं कमाल कर रही हूं

फ़िल्म :  त्रिशूल
किस सन में रिलीज़ हुई : 1978
किसने कहा : गीता (राखी गुल्ज़ार)
किससे कहा : विजय कुमार (अमिताभ बच्चन)
सम्वाद लेखक : सलीम जावेद

यश चोपडा साहब को आज की पीढी रूमानी फ़िल्मकार के रूप में जानती है, पर हिन्दी सिनेमा की दो बेहतरीन ऍक्शन तस्वीरें उन्हीं के नाम है - एक तो है दीवार और दूसरी है त्रिशूल.

गीता के बॉस श्री आर के गुप्ता (संजीव कुमार) को ये ग़लतफ़हमी हो जाती है कि गीता ने सम्वेदनशील जानकारी उनके प्रतियोगी विजय कुमार तक पहुंचाई, इसलिए वो गीता को बरतरफ़ कर देते हैं. असलियत में गीता बिल्कुल बेक़सूर थी. और ये ग़लतफ़हमी दूर भी ख़ुद विजय ही करता है. पर गीता को आर के गुप्ता का बरताव नागवार गुज़रता है, और वो नौकरी छोड देती है. ऐसे आलम में एक दिन गीता की मुलाक़ात पांच सितारा होटेल के कॉफ़ी शॉप में विजय से हो जाती है. विजय बातचीत कुछ इस तरह शुरु करता है

"मुझे कुछ ज़रूरी बात करनी थी. वैसे आज कल आप क्या कर रही हैं?"

गीता बडे नायाब अन्दाज़ में जवाब देती है,

"कहते हैं ना जो कुछ नहीं करते वो कमाल करते हैं"
"आज कल  मैं कमाल कर रही हूं"

विजय जवाब सुन के चौंक जाते हैं, उनकी प्रतिक्रिया देख कर गीता समझाते हुए कहती हैं



तो आइन्दा अगर कोई ऐसी सूरत पेश आए, जब आप घर पर ख़ाली बैठे हों, तो ये जुमला इस्तेमाल कर सकते हैं आप. वैसे देखा जाये तो इन दिनों मैं भी कमाल ही कर रहा हूं! :)