Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label 2007. Show all posts
Showing posts with label 2007. Show all posts

Wednesday, April 25, 2012

पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये

फ़िल्म : चक दे इंडिया
किस सन में रिलीज़ हुई : 2007
किसने कहा : त्रिपाठी (अंजन श्रीवास्तव)
किससे कहा : कबीर ख़ान (शाहरुख़ ख़ान)
सम्वाद लेखक : जयदीप साहनी

इसमे एक दृश्य है जिसमें कबीर ख़ान (जो महिलाओं की हॉकी टीम के कोच हैं) तो हॉकी फ़ेडरेशन को अपनी टीम का मर्दों की हॉकी टीम से मुक़ाबला करवाने की  चुनौती देते हैं. इसकी पृष्ठभूमि ये है कि फ़ेडरेशन नें उनके अथक परिश्रम को नज़रअन्दाज़ करते हुए ये फ़ैसला किया हुआ है कि धन की कमी की वजह से विश्व कप में सिर्फ़ एक ही टीम जायेगी - और ज़ाहिर है वो मर्दों की टीम होगी.

थक हार कर कबीर पुरुषों की टीम के साथ खेलने की ये चुनौती पेश करते हैं. इस पर हॉकी फ़ेडरेशन के सदस्य त्रिपाठी (अंजन श्रीवास्तव) तंज़िया अन्दाज़ में कहते हैं

"पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये - चीर हरण न हो जाये"

कबीर अपनी पांडवों वाली शर्त जीतते हैं या हारते हैं, ये जानने के लिए आपको फ़िल्म देखनी होगी. और अगर आप देख चुके हैं तो आप जानते ही होंगे. बहरहाल अगर आप किसी को कभी इस परिस्थिति में देखें कि उसका हारना तय हो, तो आप इस जुमले का इस्तेमाल कर सकते हैं -

पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये

Wednesday, July 20, 2011

हर टीम में सिर्फ़ एक ही ग़ुंडा हो सकता है और इस टीम का ग़ुंडा मैं हूं

फ़िल्म : चक दे इंडिया
किस सन में रिलीज़ हुई : 2007
किसने कहा : कबीर ख़ान (शाहरुख़ ख़ान)
किससे कहा : बिन्दिया नायक (शिल्पा शुक्ला)
सम्वाद लेखक : जयदीप साहनी


कबीर ख़ान भारतीय हॉकी टीम को बेइज़्ज़त कर के टीम के कप्तान के ओहदे से हटा दिया गया था, उन्हें अब औरतों की हॉकी टीम का कोच नियुक्त किया गया है. वो इस टीम में अपनी धाक जमाने की कोशिश कर रहे थे, पर टीम के कुछ सीनियर खिलाडी उसके ट्रेनिंग के तरीक़ों से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखते थे. उन सीनियर खिलाडियों की सरग़ना थी बिन्दिया नायक. जब कबीर ये बात समझ जाते हैं, तो वो सीधे बिन्दिया का सामना करते हैं और हाथ पकड कर, आंख से आंख मिला कर ये जुमला रसीद देते हैं. 


क्या जुमला है जनाब. उस समय हर बॉस अपनी टीम के बन्दों को ज़बरदस्ती रसीद देता था. आप बस कहते ही रह जाते थे कि सर मैं तो ग़ुंडा नहीं हूं (बिल्कुल अग्निपथ के अमिताभ की तरह). ख़ैर ये जुमला तो मैंने बॉर्ड मीटिंग्स में भी सुन रखा है. जिसकी कि मुझे बिल्कुल अपेक्षा नहीं थी. तो क्या था जनाब वो जुमला.

"हर टीम में सिर्फ़ एक ही ग़ुंडा हो सकता है और इस टीम का ग़ुंडा मैं हूं"

Monday, August 18, 2008

इतनी दोस्ती नहीं है की वजह बता सकूं

फ़िल्म : लागा चुनरी में दाग़
किस सन में रिलीज़ हुयी : 2007
किसने कहा : विभावरी उर्फ़ नताशा (रानी मुखर्जी)
किससे कहा : रोहन (अभिषेक बच्चन)
सम्वाद लेखक : प्रदीप सरकार

ज़्यादातर मैं ये मानता हूँ की सत्तर के दशक में फ़िल्में बेहतर लिखी जाती थी, पर आज के दौर की फ़िल्में तकनीकी कुशलता में कहीं आगे हैं। पर आज कल भी कुछ ऐसे जुमले आते हैं, जिन्हें सुनकर लगता है की लेखन अभी मरा नहीं है। शायद ये जुमला उनमे से एक है। इस जुमले को सुनकर मेरी आंखों में सहसा आंसू उमड़ आए। और पुष्पा के उस मशहूर यार की तरह - मुझे भी आंसुओं से नफरत है। ख़ैर वो कहानी फिर कभी।
विभावरी एक छोटे शहर की लडकी है जो मुंबई रोज़गार की तलाश में आती है। वोह भी इस शहर की चकाचौंध के दलदल में फँस जाती है। यहाँ आकर वो एक ऊंचे समाज में उठने बैठने वाली वेश्या बन जाती है। उसका परिवार इस बात से बिल्कुल अनजान है। उन्हें ये बताया गया है की वो निजी क्षेत्र की कंपनी में एक कारपोरेट कम्युनिकेशन अधिकारी है - जिसको साधारण ज़बान में 'पी आर' भी कहते हैं। घरवाले समझते हैं की उसके पैसे और कामयाबी का स्रोत उसकी नौकरी है। पर जैसा की कालिया फ़िल्म में अमिताभ कहते हैं

दौलत का पेड़ पाप की ज़मीन में ही उगता है

और शायद इसमे कुछ सच्चाई भी है। खैर हमारी नायिका का नया नाम नताशा है। अब ऐसे काम के लिए विभावरी थोडा अटपटा लगता ना। उसके पास एक आलीशान घर है और ऐशो आराम के सभी साधन भी। उसकी छोटी बहन शुभावरी उर्फ़ छुटकी एक सभ्य मध्य वर्गीय परिवार के लडके विवान (कुणाल कपूर) से शादी कर रही है। शादी के समारोह के दौरान विभा को ये पता चलता है की रोहन (अभिषेक) विवान का बड़ा भाई है। दरअसल रोहन से विभा की मुलाक़ात स्विट्जरलैंड जाते वक्त विमान पर हुयी थी और फिर बाद में उनमे काफी दोस्ती हो गयी थी। पर उसे ख़ुद इस बात की अपेक्षा नहीं थी की रोहन शादी का प्रस्ताव रखेगा। वो मना कर देती है। रोहन इस बात से परेशान हो उठता है की उसने ऐसा किया तो क्यों किया। वो पढ़ा लिखा है, संभ्रांत है और सबसे बड़ी बात ये की उन दोनों में अच्छी दोस्ती है। वो विभा से कहता है की इन सब बातों के मद्दे नज़र उसे इतना तो हक बनता है की वो ये जान सके की उसे ठुकराया क्यों जा रहा है। अगर रोहन के अल्फाज़ में कहें तो
"इतनी दोस्ती तो है हम मे कि तुम वजह बता सको"
विभा बेहद गहरे अंदाज़ में उसका यूँ जवाब देती है
"इतनी दोस्ती नहीं है रोहन कि वजह बता सकूं"
अक्सर यूँ होता है की आप के दोस्त आप से आप के किसी फैसले की वजह पूछते हैं। सिर्फ़ इसलिए की वो दोस्त हैं। ऐसे लम्हात में ये जुमला काफी फिट बैठता है।