Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label कमाल अमरोही. Show all posts
Showing posts with label कमाल अमरोही. Show all posts

Tuesday, April 17, 2012

शहंशाहों के इंसाफ़ और ज़ुल्म में किस क़दर कम फ़र्क़ होता है

फ़िल्म : मुग़ल ए आज़म
किस सन में रिलीज़ हुई : 1960
किसने कहा : संगतराश (कुमार)
किससे कहा : अनारकली के बुत से
सम्वाद लेखक : कमाल अमरोहवी

मुग़ल ए आज़म की जितनी तारीफ़ की जाये कम है. उस से महज़ सात साल पहले बनी फ़िल्म अनारकली भी बहुत बडी हिट थी, मगर सिवाय संगीत के, वो फ़िल्म मुग़ल ए आज़म से हर मामले में उन्नीस ही है. 

अकबर अपने संगतराश को इनाम के तौर पर अनारकली देने की पेशकश करता है. वो पहले ही सलीम को दक्कन में जंग लडने भेज चुका है और सलीम की ग़ैर हाज़िरी में उसकी मुहब्बत को ठिकाने लगाना चाहता है. एक बूढे संग तराश के पल्ले बान्धने से बेहतर क्या इलाज हो सकता है इस मर्ज़ का. 

संगतराश - जिसने कि अनारकली की ख़ूबसूरत मूर्ति को बनाया है - उसके और अकबर के बीच के इस दिलचस्प सम्वाद को देखिये -

अ: संगतराश हमें ये जानकर ख़ुशी है कि तुम्हारे जैसे फ़नकार भी हमारी सल्तनत में आबाद हैं

स : मगर सच तो ये है कि मैं आपकी सल्तनत में बरबाद हूं

अ: अब नहीं रहोगे. हम तुम्हारे फ़न की ख़ूबसूरती को मानते हैं, और तुम्हें इनाम ओ इकराम  से मालामाल करते हैं. 

स: फ़न की ख़ूबसूरती के लिए ये इनामात  बहुत है, मगर फ़न की सच्चाई के लिए बहुत कम. 

अ : फिर क्या चाहते हो. 

स : मैं अपने फ़न की सच्चाई को सल्तनत के गोशे गोशे में फैलाना चाहता हूं

अ : तुम्हें इजाज़त है . 

स : ज़हे क़िस्मत. जो करम अधूरा था, उसे ज़िल्ले इलाही की फ़राग़ दिली ने पूरा कर दिया. 

अ : नहीं... अभी पूरा नहीं हुआ. तुम्हारी ज़िन्दगी में एक मुस्कुराती हुई बहार की कमी है. हम तुम्हें इनाम में वो जीती जागती नाज़नीन भी अता करते हैं, जो तुम्हारे फ़न को पेश करने का ख़ूबसूरते सहारा बनी थी. 

स : यानि ?

अ : यानि कल अनारकली से तुम्हारी शादी कर दी जाएगी .

स : लेकिन ज़िल्ले इलाही. 

अ : क्या ये इनामात कम हैं?

स : बहुत हैं. उमीद से कहीं ज़्यादा. आज मैं ज़िल्ले इलाही के इंसाफ़ का क़ायल हो गया

अ : अब तुम जा सकते हो. 

संगतराश वापस अपने घर लौट कर अपनी बनाई अनारकली की मूर्ति के सामने कहता है

"शहंशाहों के इंसाफ़ और ज़ुल्म में किस क़दर कम फ़र्क़ होता है" 


और ज़ोर ज़ोर से हंसता है. 

क्या ख़ूबसूरत जुमला है. कभी अपने बॉस की कारगुज़ारियों पर ग़ौर कीजियेगा. इस जुमले की सच्चाई ज़ाहिर हो जाएगी. 


Wednesday, September 7, 2011

अब जनाज़े को रुख़सत की इजाज़त दीजिये

फ़िल्म : मुग़ल ए आज़म
किस सन में रिलीज़ हुई : 1960
किसने कहा : अनारकली (मधुबाला)
किससे कहा : अकबर (पृथ्वीराज कपूर)
सम्वाद लेखक : कमाल अमरोही

फ़िल्म के अंत में अकबर अनारकली को एक रात के लिए मलिका बनने की इजाज़त देते हैं, पर शर्त ये होती है कि रात ख़त्म होने से पहले वो एक बेहोशी की दवा वाला फूल सुंघा कर सलीम को बेहोश कर देगी. फिर अनारकली को ज़िन्दा दीवार में चुनवा दिया जाना था. जब बन ठन कर अनारकली निकलती है तो अकबर से इजाज़त ये कह कर लेती है ,

""अब जनाज़े को रुख़सत की इजाज़त दीजिये" .

Monday, August 22, 2011

तख़लिया

फ़िल्म : मुग़ल ए आज़म
किस सन में रिलीज़ हुई : 1960
किसने कहा : शहंशाह अकबर (पृथ्वीराज कपूर)
किससे कहा : बहुत से लोगों से
सम्वाद लेखक : कमाल अमरोही, वजाहत मिर्ज़ा, अमान, एहसान रिज़वी

पन्द्रह साल लगे थे इस फ़िल्म के बनने में, बहुत से बदलाव हुए, फिर भी इस फ़िल्म में कुछ तो बात है, जो इसकी हस्ती ज़ेहन से मिटती नहीं. मगर बरसों पहले जब मैंने ये फ़िल्म हॉल पर देखी थी, तो एक लफ़्ज़ नें मेरे दिलो दिमाग़ में घर कर लिया था. ये लफ़्ज़ मैं सब को सुनाता था. ये दीगर बात है, कि कोई मानता नहीं था. पर बहुत शक्ति की अनुभूति होती है जब आप ये लफ़्ज़ कहें और लोग मान लें.

लफ़्ज़ के मानी है ख़ाली करना, या एकांत चाहना, तलाक़ देने के मानी से भी इस्तेमाल किया जाता है. पर उस मतलब से इस फ़िल्म में नहीं इस्तेमाल हुआ है. तो जब कभी भी ज़िल्ले इलाही शहंशाह अक्बर ख़लवत चाहते थे, तो बस ये एक लफ़्ज़ कह देते थे, और सब चले जाते थे. ये लफ़्ज़ था

'तख़लिया'

अंग्रेज़ी में एक लफ़्ज़ होता है - dismissed. पर उसमें वो बात नहीं है जो तख़लिया में है. वो एक आदमी को अपने हुज़ूर से दूर भेजने का हुक्म होती है. ये ऐसा हुक्म है, जिससे हज़ार लोग दूर भेजे जा सकते हैं. तो कार्यकुशलता यानी एफ़िशियेंसी के नज़रिये से ये बेहतर है.