Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label सलीम जावेद. Show all posts
Showing posts with label सलीम जावेद. Show all posts

Friday, September 9, 2011

पहला ऑर्डर कॅंसल

फ़िल्म : शोले
किस सन में रिलीज़ हुई : 1975
किसने कहा : जयदेव (अमिताभ बच्चन) 
किससे कहा : जेलर (असरानी)
सम्वाद लेखक : सलीम जावेद 

इस फ़िल्म के बहुत से सम्वाद प्रचलित हैं और लोकप्रिय हैं. पर ये सम्वाद कम याद किया जाता है. हालांकि ये सम्वाद है बहुत सशक्त. काम काजी ज़िन्दगी में अक्सर ऐसे बॉस लोगों से पाला पडता है जो घडी घडी अपना फ़ैसला बदलते रहते हैं. उन सब को ये जुमला समर्पित है. 

जय और वीरू जेल से भागने का प्लान बनाते हैं. वो एक लकडी के टुकडे को पिस्तौल बता कर, जेलर को बन्धक बना लेते हैं. बन्धक बनाते ही वीरू जेलर को अपनी जगह से ना हिलने की सख़्त हिदायत देता है. फिर  बाक़ी सिपाहियों की बन्दूकें फिंकवा देने के बाद, वीरू जेलर को अपने साथ जेल के मुख्य द्वार तक चलने के लिए कहता है. 

जेलर ज़रा लक़ीर का फ़क़ीर क़िस्म का जेलर है. अंग्रेज़ों के ज़माने का जो है. तो वो आपत्ति ज़ाहिर करता है. कहता है कि आप ही ने तो हिलने से मना किया था. सख़्त हिदायत दी थी. परेशान जय अपने चिर परिचित अन्दाज़ में ये जुमला कहते हैं. 

"पहला ऑर्डर कॅंसल"

तब जाकर जेलर को तसल्ली होती है और वो दोनों क़ैदियों को बाहर तक छोड कर आता है. 

Tuesday, July 26, 2011

आज कल मैं कमाल कर रही हूं

फ़िल्म :  त्रिशूल
किस सन में रिलीज़ हुई : 1978
किसने कहा : गीता (राखी गुल्ज़ार)
किससे कहा : विजय कुमार (अमिताभ बच्चन)
सम्वाद लेखक : सलीम जावेद

यश चोपडा साहब को आज की पीढी रूमानी फ़िल्मकार के रूप में जानती है, पर हिन्दी सिनेमा की दो बेहतरीन ऍक्शन तस्वीरें उन्हीं के नाम है - एक तो है दीवार और दूसरी है त्रिशूल.

गीता के बॉस श्री आर के गुप्ता (संजीव कुमार) को ये ग़लतफ़हमी हो जाती है कि गीता ने सम्वेदनशील जानकारी उनके प्रतियोगी विजय कुमार तक पहुंचाई, इसलिए वो गीता को बरतरफ़ कर देते हैं. असलियत में गीता बिल्कुल बेक़सूर थी. और ये ग़लतफ़हमी दूर भी ख़ुद विजय ही करता है. पर गीता को आर के गुप्ता का बरताव नागवार गुज़रता है, और वो नौकरी छोड देती है. ऐसे आलम में एक दिन गीता की मुलाक़ात पांच सितारा होटेल के कॉफ़ी शॉप में विजय से हो जाती है. विजय बातचीत कुछ इस तरह शुरु करता है

"मुझे कुछ ज़रूरी बात करनी थी. वैसे आज कल आप क्या कर रही हैं?"

गीता बडे नायाब अन्दाज़ में जवाब देती है,

"कहते हैं ना जो कुछ नहीं करते वो कमाल करते हैं"
"आज कल  मैं कमाल कर रही हूं"

विजय जवाब सुन के चौंक जाते हैं, उनकी प्रतिक्रिया देख कर गीता समझाते हुए कहती हैं



तो आइन्दा अगर कोई ऐसी सूरत पेश आए, जब आप घर पर ख़ाली बैठे हों, तो ये जुमला इस्तेमाल कर सकते हैं आप. वैसे देखा जाये तो इन दिनों मैं भी कमाल ही कर रहा हूं! :)

Friday, August 29, 2008

कुछ लोग वैसे भी तो होते हैं, जो कहीं के नहीं होते

फ़िल्म: काला पत्थर
किस सन में रिलीज़ हुई : 1979
किसने कहा : विजय पाल सिंह (अमिताभ बच्चन)
किससे कहा : डॉ सुधा सेन (राखी गुलज़ार)
सम्वाद लेखक : सलीम-जावेद


विजय के घावों पर मरहम लगाते वक़्त, डॉ सुधा उससे पूछती है कि वो कब से इस खान में है. हिन्दुस्तान मे अक्सर अजनबियों से बस यूंही बात करते वक़्त भी लोग उनकी पैदाइश या ज़ात पात का पता लगाने की कोशिश करते है. अब हालत ये है कि ये सवाल बातचीत को जारी रखने के लिए ज़रूरी लगने लग गये है. डॉ सुधा भी ऐसी ही कुछ कोशिश करती है जब वो विजय से पूछती है - तुम वैसे कहां के हो?

अब विजय बाबू वैसे भी सीधे सवाल का सीधा जवाब देने के आदी नही हैं. सिर्फ़ काला पत्थर मे ही नहीं, बाक़ी फ़िल्मों में भी. उन्हे तर्क कुतर्क करने की आदत है. आपको याद ही होगा जब उनका भाई उनसे साइन करने के लिए कहता है, तो वो कहते हैं कि जाओ पहले उस आदमी का साइन लेके आओ जिसने मेरी मां को गाली देके नौकरी से निकाल दिया था वग़ैरह वग़ैरह. अब उस वक़्त गूग्ल पीप्ल सर्च भी नहीं था. बेचारा रवि करता भी तो क्या. ग़ुस्से में घर छोड के चला गया. ख़ैर इस सम्वाद पर लौटते हैं. अब ये मौक़ा भी विजय साहब हाथ से कहां जाने देने वाले थे. लोहा गर्म था, मार दिया हथौडा. जानते हैं इस सीधे से सवाल का उन्होंनें क्या जवाब दिया. 

"बचा सवाल कि मैं कहां का हूं, तो कुछ लोग वैसे भी तो होते हैं, जो कहीं के नहीं होते"