Page copy protected against web site content infringement by Copyscape
Showing posts with label जयदीप साहनी. Show all posts
Showing posts with label जयदीप साहनी. Show all posts

Wednesday, April 25, 2012

पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये

फ़िल्म : चक दे इंडिया
किस सन में रिलीज़ हुई : 2007
किसने कहा : त्रिपाठी (अंजन श्रीवास्तव)
किससे कहा : कबीर ख़ान (शाहरुख़ ख़ान)
सम्वाद लेखक : जयदीप साहनी

इसमे एक दृश्य है जिसमें कबीर ख़ान (जो महिलाओं की हॉकी टीम के कोच हैं) तो हॉकी फ़ेडरेशन को अपनी टीम का मर्दों की हॉकी टीम से मुक़ाबला करवाने की  चुनौती देते हैं. इसकी पृष्ठभूमि ये है कि फ़ेडरेशन नें उनके अथक परिश्रम को नज़रअन्दाज़ करते हुए ये फ़ैसला किया हुआ है कि धन की कमी की वजह से विश्व कप में सिर्फ़ एक ही टीम जायेगी - और ज़ाहिर है वो मर्दों की टीम होगी.

थक हार कर कबीर पुरुषों की टीम के साथ खेलने की ये चुनौती पेश करते हैं. इस पर हॉकी फ़ेडरेशन के सदस्य त्रिपाठी (अंजन श्रीवास्तव) तंज़िया अन्दाज़ में कहते हैं

"पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये - चीर हरण न हो जाये"

कबीर अपनी पांडवों वाली शर्त जीतते हैं या हारते हैं, ये जानने के लिए आपको फ़िल्म देखनी होगी. और अगर आप देख चुके हैं तो आप जानते ही होंगे. बहरहाल अगर आप किसी को कभी इस परिस्थिति में देखें कि उसका हारना तय हो, तो आप इस जुमले का इस्तेमाल कर सकते हैं -

पाण्डवों वाली शर्त मत लगाइये

Wednesday, July 20, 2011

हर टीम में सिर्फ़ एक ही ग़ुंडा हो सकता है और इस टीम का ग़ुंडा मैं हूं

फ़िल्म : चक दे इंडिया
किस सन में रिलीज़ हुई : 2007
किसने कहा : कबीर ख़ान (शाहरुख़ ख़ान)
किससे कहा : बिन्दिया नायक (शिल्पा शुक्ला)
सम्वाद लेखक : जयदीप साहनी


कबीर ख़ान भारतीय हॉकी टीम को बेइज़्ज़त कर के टीम के कप्तान के ओहदे से हटा दिया गया था, उन्हें अब औरतों की हॉकी टीम का कोच नियुक्त किया गया है. वो इस टीम में अपनी धाक जमाने की कोशिश कर रहे थे, पर टीम के कुछ सीनियर खिलाडी उसके ट्रेनिंग के तरीक़ों से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखते थे. उन सीनियर खिलाडियों की सरग़ना थी बिन्दिया नायक. जब कबीर ये बात समझ जाते हैं, तो वो सीधे बिन्दिया का सामना करते हैं और हाथ पकड कर, आंख से आंख मिला कर ये जुमला रसीद देते हैं. 


क्या जुमला है जनाब. उस समय हर बॉस अपनी टीम के बन्दों को ज़बरदस्ती रसीद देता था. आप बस कहते ही रह जाते थे कि सर मैं तो ग़ुंडा नहीं हूं (बिल्कुल अग्निपथ के अमिताभ की तरह). ख़ैर ये जुमला तो मैंने बॉर्ड मीटिंग्स में भी सुन रखा है. जिसकी कि मुझे बिल्कुल अपेक्षा नहीं थी. तो क्या था जनाब वो जुमला.

"हर टीम में सिर्फ़ एक ही ग़ुंडा हो सकता है और इस टीम का ग़ुंडा मैं हूं"

Saturday, July 16, 2011

मैं भी चन्दू नहीं हूं

फ़िल्म : कम्पनी
किस सन में रिलीज़ हुई : 2002
किसने कहा : श्रीनिवासन (मोहनलाल)
किससे कहा : मल्लिक (अजय देवगन)
सम्वाद लेखक : जयदीप साहनी

इस सम्वाद की ख़ासियत है, इसकी अदायगी. मोहनलाल ने एक दक्षिण भारतीय किरदार अदा करते हुए, उसकी बारीकियों को पकडा है. मेरी बात का पूरा मतलब समझने के लिए आपको ये फ़िल्म देखनी पडेगी. पर फ़िलहाल बात करते हैं इस सिचुएशन की. 

मल्लिक के पुराने साथी और बाद में धुर विरोधी रहे चन्दू नागरे (विवेक ओबरॉय) ने पुलिस के सामने आत्म समर्पण कर दिया है. वो पुलिस को सहयोग देने के लिए भी राज़ी हो गया है. इस घटना के बाद श्रीनिवासन फ़ोन पर मल्लिक से बात करते हैं. उसको बताते हैं कि चन्दू अब अप्रूवर हो गया है और मल्लिक की भलाई भी इसी में होगी कि वो भी आत्म समर्पण कर दे. पर मल्लिक बडे नाज़ से जवाब देता है, कहता है

"श्रीनिवासन साहब, मैं चन्दू नहीं हूं"

इस जुमले का शाब्दिक अर्थ तो सीधा सादा है. पर उसके नीचे की परतों के मानी को देखें तो, मल्लिक ये कह रहा है कि वो चन्दू जितना कमज़ोर नहीं है. उसमें अब भी बहुत दम है पुलिस को चकमा देने का, उनका प्रतिरोध करने का. और इस लम्बी तक़रीर को छोटे मे बयान करने के लिए इन चार लफ़्ज़ों का सहारा लेता है मल्लिक. 

ये बातचीत जारी रहती है, आगे किसी मोड पर, मल्लिक श्रीनिवासन को ताने देता है कि सरकारी नौकरी में उसको बहुत कम पैसे मिलते हैं, और वो अगर मल्लिक से हाथ मिला ले तो पांचों उंगलियां घी में और सर कडाही में होगा. और किस अन्दाज़ से जवाब देता है श्रीनिवासन इस पेशकश का

"मल्लिक, मे बी चन्दू नई हूं"

हालांकि इस सम्वाद का सही स्वरूप "मल्लिक, मैं भी चन्दू नहीं हूं" होना चाहिये, पर श्रीनिवासन मलयाळी हैं, और उस लहजे में बोलते हैं. और मैं उस लहजे का ही मुरीद हूं. 

तो आइन्दा अगर आपको कोई कम आंकने की ग़लती करे, और आप उसे जताना चाहें कि आप में बहुत दम है, तो इस मुकालमे का इस्तेमाल करें.